कैराना हुआ अपराधमुक्त, अब है अमन-चैन: राणा


कैराना हुआ अपराधमुक्त, अब है अमन-चैन: राणा



- गांव पावटीकलां में कैबिनेट मंत्री ने किया सड़क का लोकार्पण


- बोले, भाजपा में विकास की बुलंदियों को छू रहा शामली


रिपोर्ट- शमशाद चौधरी



कैराना: कैबिनेट मंत्री सुरेश राणा ने कहा कि प्रदेश समेत कैराना को अपराधमुक्त बनाने का काम भाजपा ने किया है। कैराना में अब अमन-चैन हैं और लोग बेखौफ रह रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा में शामली जिला विकास की बुलंदियों को छू रहा है। स्व. सांसद बाबू हुकुम सिंह के सपनों को योगी सरकार पूरा कर रही है।


   शनिवार देर सायं क्षेत्र के ग्राम पावटीकलां में सरकार के कैबिनेट मंत्री सुरेश राणा ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना का लोकार्पण किया। इसके बाद उन्होंने जनसंपर्क किया। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश अपराध मुक्त प्रदेश हो गया है। भाजपा सरकार में शामली के विकास को चार चांद लग गए हैं। योगी सरकार ने दो नए राजकीय डिग्री कॉलेज दिए, तो तीसरा भी जल्द ही मिलने वाला है। उन्होंने कहा कि शामली जिले में सड़कों का जाल बिछता जा रहा है। सरकार ने शामली में नए फोरलेन के बाईपास को मंजूरी दे दी है। अब कैराना अपराधमुक्त हो गया है तथा अमन-चैन व शांति है। लोग बेखौफ रह रहे हैं। कैबिनेट मंत्री ने यह भी कहा कि स्व. सांसद बाबू हुकुम सिंह ने जो विकास का सपना देखा, अब योगी सरकार उसे पूरा कर रही है। उन्होंने कहा, भाजपा में हर गरीब और किसानों को कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। इस दौरान सांसद प्रदीप चौधरी, वरिष्ठ भाजपा नेत्री मृगांका सिंह, अनिल चौहान, सतपाल सिंह, शिवकुमार प्रधान आदि मौजूद रहे।