मुज़फ्फरनगर: कल से मंडियों में अनिश्चित कालीन हड़ताल
मुजफ्फरनगर। मंडी समिति प्रशासन के संरक्षण में चलने वाले गुड़ के अवैध व्यापार के विरोध में पश्चिम की सभी मंडियां सोमवार से अनिश्चित कालीन हड़ताल पर रहेगी। एशिया की सबसे बड़ी गुड़ मंडी मुजफ्फरनगर में व्यापारी धरना देकर प्रदर्शन करेंगे।
दी गुड़ मंडी खांडसारी एंड मर्चेंट्स एसोसिएशन की बैठक में हड़ताल का निर्णय लिया गया। एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय मित्तल और सचिव श्याम सिंह सैनी ने बताया कि पश्चिम की सभी गुड़ मंडियों ने हड़ताल का समर्थन किया है। एशिया की सबसे बड़ी गुड़ मंडी इस समय अपने अस्तित्व के संकट से जूझ रही है। मंडी में जिले में बनने वाला दस प्रतिशत गुड़ भी नहीं आ रहा है। मंडी का टैक्स चोरी कर गुड़ माफिया गुड़ बाहर से बाहर दूसरे राज्यों को भिजवा रहे हैं। गुड़ मंडी एसोसिएशन का आरोप है कि वह सभी अफसरों को शिकायत कर चुके हैं, लेकिन मंडी के अधिकारियों का गुड़ माफिया को संरक्षण है। अपनी अवैध कमाई के लिए अफसर सरकार को चूना लगा रहे हैं। मंडी में टैक्स नहीं आ रहा है। मंत्री श्याम सिंह सैनी ने बताया कि व्यापारियों ने हताश होकर हड़ताल का निर्णय लिया है। पश्चिम की सभी मंडियों की यही हालत है इसी कारण सभी ने हड़ताल में शामिल होने की घोषणा की है।