बीच चौराहे पर किशोरी की लग रही थी बोली, पुलिस ने किया 7 लोगों को अरेस्ट
रिपोर्ट- नसीम कुरैशी, रूबीना सैफी
दिल्ली। लगभग 8 वर्ष पूर्व संजय दत्त, ऋषि कपूर व ऋतिक रोशन की फिल्म अग्निपथ आई थी। जिसमें रौफ लाला बने ऋषि कपूर बीच चौराहे पर एक किशोरी को खड़ा करके बोली लगाते हैं। इसी तरह का एक सीन रीयल में उत्तर प्रदेश के जनपद बुलंदशहर के अहमदगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव में देखने को मिला। इस सीन ने 8 साल पहले रिलीज हुई फिल्म अग्निपथ की याद ताजा कर दी। लगभग 20 साल से 80 साल तक की उम्र तक के लोग एक किशोरी की बोली जोर शोर से लगाने में जुटे थे। 50 हजार रुपये से 16 साल की इस किशोरी की बोली शुरू हुई। बोली लगाने वालों का नंबर आता तो बिल्कुल अग्निपथ के उस सीन की तरह किशोरी को छूते। रोने से किशोरी की आंखें लाल हो चुकी थीं लेकिन किसी की आंखों में न तो शर्म थी और न ही मानवता। इसी बीच एक सूचना पर पुलिस पहुंची। भगदड़ मची और कई खरीदार भाग गए। 2 महिलाओं समेत 7 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। महिला सेल की सुरक्षा में किशोरी अपने परिवारवालों का इंतजार कर रही है। अहमदगढ़ थाना इंचार्ज धनेंद्र यादव ने बताया कि रांची (झारखंड प्रदेश) की 16 वर्षीय लड़की की मां का करीब एक साल पहले देहांत हो गया था। उसकी सौतेली मां ने रांची के गांव पिसका नगरी नारो बस्ती की रहने वाली कलावती को 50 हजार रुपये में बेच दिया। कलावती किशोरी को लेकर नौरंगाबाद गांव में पहुंची। पूरे गांव में किशोरी के बिकने की खबर फैलाई गई। बोली लगाने वालों की लाइन में 20 साल से 80 साल तक के लोग थे। एक व्यक्ति ने 80 हजार रुपये की अधिकतम कीमत लगाई थी तभी पुलिस पहुंच गई। मौके से कलावती, खुर्जा निवासी राजेश देवी, धीरेंद्र, औरंगाबाद के गांव गंगाहारी निवासी जितेंद्र, इंद्र सिंह व अहमदगढ़ के नौरंगाबाद निवासी महेंद्र को गिरफ्तार किया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि नौरंगाबाद के महेंद्र के घर लड़की लेकर कलावती पहुंची तो आसपास खबर भेजी गई। लड़की देखने और खरीदने वालों की कुछ ही देर में भीड़ जुट गई। कुछ लोगों ने लाइन लगवाई। जिसका नंबर आता वह रुपये बोलता और लड़की से बातचीत करता। पहले तो लड़की को पता नहीं था लेकिन कुछ देर बाद ही उसे बेचे जाने की जानकारी हो गई। लोगों के छूने से वह परेशान होकर रोने लगी। इसी बीच पुलिस पहुंची तो सारे खरीदार भाग गए। पुलिस को देखकर किशोरी के चेहरे पर मुस्कान आ गई। सौदेबाजी के लिए लगाए गए 12 हजार रुपये भी जब्त हुए हैं। दरोगा राम गोपाल की तहरीर पर इनके खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस जांच में पता चला है कि रांची की रहने वाली कलावती कई लड़कियों को बेंच चुकी है। झारखंड के अलग-अलग इलाकों से 30-50 हजार रुपये में लड़कियां खरीदती है और यहां एक लाख रुपये तक में बेचती है। शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि उसने बागपत, मुजफ्फरनगर, मेरठ व बुलंदशहर आदि जिलों में लड़कियों को बेंचा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।