शामली: एनीमिया पर नियंत्रण को लेकर जागरुकता रैली निकाली गई।
मां बच्चों को स्वस्थ बनाना है, एनीमिया दूर भागना है
रिपोर्ट- सालिम रहमानी, शामली
शामली। मां बच्चों को स्वस्थ बनाना है, एनीमिया दूर भागना है..आदि नारे के साथ स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सोमवार को एनीमिया पर नियंत्रण को ले शामली में जागरुकता रैली निकाली गई। रैली जिला अस्पताल से निकलकर शहर के मुख्य मार्ग का भ्रमण करते हुए जिला अस्पताल में पहुंची। इस दौरान जगह-जगह महिलाओं को इससे बचाव की जानकारी दी गई। सीएमओ संजय भटनागर ने बताया कि सामूहिक प्रयासों की बदौलत ही एनीमिया पर नियंत्रण संभव है। सभी विभागों को आपसी समन्वय बनाते हुए व्यापक जागरुकता अभियान चला कर एनीमिया पर नियंत्रण की अपील की। थोड़ी सी भी जानकारी हमें बड़ी परेशानियों से मुक्ति दिला सकती है। जागरूकता के जरिए हम एनीमिया से बचाव कर सकते हैं। बताया कि एनीमिया एक ऐसी स्थिति है, जिसमें एक व्यक्ति की सामान्य से कम लाल रक्त कोशिकाएं होती हैं या हीमोग्लोबिन की कम मात्रा होती है। इससे खून के द्वारा शरीर के विभिन्न अंगों तक ऑक्सीजन ले जाने की क्षमता कम हो जाती है और कई स्वास्थ्य समस्याएं पैदा होती हैं। कई मामलों में मृत्यु तक हो जाती है। जिस देश में 40 फीसद से अधिक आबादी एनीमिया से ग्रसित हो, तो यह एक गंभीर सार्वजनिक स्वास्थ्य समस्या तो है ही। हालांकि स्वास्थ्य मंत्रालय ने एनीमिया को पूरी तरह से खत्म करने का लक्ष्य रखा है। दुनिया भर में एनीमिया का सबसे आम कारण पोषक तत्वों की कमी है। भारत में पोषण संबंधी कमी से संबंधित एनीमिया के लगभग आधे मामलों में कारण, कम आयरन अन्तर्ग्रहण करना है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य इस महत्वपूर्ण विषय पर लोगों की समझदारी विकसित करना है, ताकि सभी गर्भवती माताओं को एनीमिया से बचाया जा सके एवं सुरक्षित, पोषित एवं स्वस्थ बच्चे के जन्म का मार्ग प्रशस्त हो सके।