शामली: सीएए के समर्थन में भाजपा की तिरंगा यात्रा में सड़कों पर उतरे भाजपाई
भाजपा नेत्री मृगांका सिंह ने विपक्षियों पर भ्रम फैलाने का लगाया आरोप
शामली। नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के समर्थन में निकाली गई तिरंगा यात्रा में सड़कों पर लोग उमड़े पड़े। इस यात्रा में हर ओर वंदेमातरम् और भारत माता की जय का उद्घोष होता रहा। लोक जागरण यात्रा के बैनर तले निकाली यात्रा में भाजपा, संघ, विहिप, बजरंग दल समेत विभिन्न अनुषांगिक संगठन के कार्यकर्ता शामिल रहे।
वंदेमातरम् और भारत माता की जय के गगनभेदी नारे लगे
पूर्व घोषित कार्यक्रम के मुताबिक वी. वी इंटर कॉलेज से तिरंगा यात्रा का शुभारंभ हुआ। भाजपा के केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर व मृगांका सिंह के नेतृत्व में यात्रा वीवी कॉलेज से होते हुए, शहर के प्रमुख चौराहों से होकर हनुमान धाम मंदिर पर समाप्त हुई। इस दौरान वंदेमातरम् और भारत माता की जय के गगनभेदी नारे लगाए गए। यात्रा में शहर के सभी मंडलों के साथ ही शामली जनपद और आसपास जनपदों के मंडलों से भी पदाधिकारी और कार्यकर्ता पहुंचे।
सीएए के विरोधी राष्ट्रद्रोही : कृष्ण पाल गुर्जर
भाजपा के केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सीएए के विरोधी राष्ट्रद्रोही हैैं। इस कानून को लेकर भ्रम फैलाया जा रहा है, जिसे दूर करने के लिए भाजपा ने बड़ा अभियान शुरू किया है। तिरंगा यात्रा भी उसी का हिस्सा है। कानून का लोगों ने स्वागत किया, यात्रा में उमड़ा जनसमूह कानून के समर्थन की गवाही दे रहा है। देश हित में हर निर्णय का देश की राष्ट्रवादी जनता समर्थन करेगी।
भाजपा नेत्री मृगांका सिंह ने कहा कि तिरंगा यात्रा नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में जनभावनाओं की अभिव्यक्ति है।
कहा कि नागरिकता संशोधन कानून के पारित होने के बाद से ही विपक्षी दलों ने हिंसक प्रदर्शन कर देश की जनता को गुमराह करने की कोशिश की। जिसे देश की जनता भली भांति समझ रही है। वही मृगांका सिंह ने ने विपक्षियों पर भ्रम फैलाने का आरोप भी लगाया।
भाजपाई बोले, शामली जिले की जनता ने साबित कर दिया कि विपक्ष के बहकावे में नहीं है
भाजपा के केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि जनपद शामली की जनता ने यह साबित कर दिया है कि इस मुद्दे पर देश की सरकार के साथ है और विपक्षियों के बहकावे में नहीं आने वाली है। यह कानून पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बांग्लादेश में उपासना पद्धति के के शिकार हुए लोगों को सम्मानजनक जीवन जीने में मददगार साबित होगा, जो शरणार्थी के तौर पर भारत में रह रहे हैं।
ट्रैफिक डायवर्जन से कई घंटे रेंगते रहे वाहन
कई हिस्सों से तिरंगा यात्रा में शामिल होने के लिए सैकड़ों बाइक सवारों का पहुंचना शुरू होने से जाम लग गया। वीवी इंटर कॉलेज पर फुवारा चौक से शिव चौक के आगे गुरुद्वारा तक गाडिय़ां रेंगती रहीं। ट्रैफिक डायवर्जन भी लागू कर दिया। कैराना पानीपत रोड से आ रहे चालकों को शिव चौक से हनुमान धाम रोड की तरफ जाने से रोककर अजंता चौक की तरफ भेजा गया। यात्रा संपन्न होने के बाद ही यातायात संचालन सही हो सका।
अनुशासित रही यात्रा, बनी रही शांति व्यवस्था
तिरंगा यात्रा के दौरान समर्थक अनुशासित रहे जिससे शांति व्यवस्था बनी रही। यात्रा में शामिल लोगों ने जोश के बावजूद शांति बनाए रखी जिसके कारण अव्यवस्था नहीं हुई। वहीं जनपद के कई अधिकारी भी सक्रिय रहे। शहर और ग्रामीण इलाके के अलग-अलग हिस्सों से हजारों लोग वीवी इंटर कॉलेज में जुटे। यात्रा के आगे और पीछे पुलिस फोर्स चलती रही।
चौराहों पर ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की तैनाती रही
तिरंगा यात्रा के रूट पर के चौराहों पर ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की तैनाती रही। यह सारी कवायद इसलिए की गई थी कि कहींं भीड़ अनियंत्रित न हो जाए लेकिन उसकी नौबत ही नहीं आई।