स्कूल जा रही 16 वर्षीया छात्रा से कांस्टेबल सहित 4 लोगों ने किया गैंगरेप
नई दिल्ली (नसीम कुरैशी/रुबीना सैफी)। छत्तीसगढ़ के कांकेर में स्कूल जा रही 16 वर्षीया छात्रा से 4 लोगों ने गैंगरेप किया। पहले एक पुलिस कांस्टेबल ने छात्रा से दुष्कर्म किया और फिर अगले दिन बाइक सवार 3 युवकों ने उसे शिकार बनाया। वारदात के बाद आरोपियों ने छात्रा को जान से मारने की धमकी भी दी। जिसके कारण वह डर से दो महीने तक चुप रही। जब छात्रा गर्भवती हो गई तो मामले का खुलासा हो गया। इसके बाद पुलिस ने शनिवार को आरोपी कांस्टेबल को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। जानकारी के मुताबिक लोहत्तर थाना क्षेत्र स्थित एक स्कूल में पढ़ने वाली 16 वर्षीया छात्रा बीती 16 नवंबर को लौट रही थी। आरोप है कि इस बीच मरका गांव निवासी परब जाड़े ने उसे रास्ते में रोक लिया और जंगल में ले जाकर दुष्कर्म किया। परब पुलिस विभाग में सहायक आरक्षक है और वर्तमान में दुर्गुकोंदल में पदस्थ है। इस घटना के अगले ही दिन 20 नवंबर को बाइक सवार 3 युवकों ने उससे फिर दुष्कर्म किया। साथ ही किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके चलते वह डर से चुप हो गई। मामले का खुलासा तब हुआ जब छात्रा गर्भवती हो गई। इसके बाद उसने परिजनों को सारी जानकारी दी और उन्होंने बीती शुक्रवार को थाने में मामला दर्ज कराया। इसके बाद पुलिस ने शनिवार को आरोपी कांस्टेबल परब जाड़े को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि दुष्कर्म के दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। आरोपी कांस्टेबल को कोर्ट में पेश किया जाएगा। जबकि तीन अन्य आरोपी अभी अज्ञात हैं। उनकी तलाश की जा रही है। इस मामले की जांच जारी है।