कांधला: आवारा गोवंश से ग्रामीण परेशान अधिकारियों का नहीं है कोई ध्यान
रिपोर्ट- फुरकान जंग
कांंधला। खंड विकास क्षेत्र के गांव गंगेरू में अस्थायी गौशाला न होने के कारण बेसहारा पशु सड़कों पर घूम रहे है। बेसहारा पशु किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा रहे है। किसानों ने जिलाधिकारी को शिकायत कर गांव में अस्थायी गौशाला बनाए जाने की मांग की है।
प्रदेश की योगी सरकार ने प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों को अपने-अपने जनपद के गांवों और कस्बों में बेसहारा पशुओं के लिए अस्थायी गौशाला बनाए जाने के आदेश दे रखे है। मुख्यमंत्री के आदेश पर प्रदेश भर में अस्थायी गौशालाओं को बनाने का कार्य शुरू हो गया था। क्षेत्र के गांव गंगेरू ग्राम पंचायत में गांव गढ़ीमियां, गढ़ीश्याम, गढ़ीदौलत और गढ़ीरक्खा के मजरे शामिल है। ग्राम गंगेरू इतनी बड़ी ग्राम पंचायत होने के बाद भी गांव में आज तक कोई अस्थायी गौशाला नहीं बनी है। गौशाला न होने के कारण बेसहारा पशु गांव की गलियों में घूमते रहते है। किसान वसी हैदर, इस्तखार, सुशील, विकास कुमार का कहना है कि बेसहारा पशु आए दिन उनकी फसलों का नुकसान करते है। जिससे उनकी फसल बर्बाद हो रहीं है। पीड़ित किसानों ने मंगलवार को जिलाधिकारी अखिलेश सिंह को शिकायत कर गांव में अस्थायी गौशाला बनाए जाने की मांग की है। ग्राम प्रधान संजीव चौधरी का कहना है कि गांव के ग्राम पंचायत की भूमि नहीं होने के कारण अस्थायी गौशाला नहीं बन पा रहीं है।