कैराना: जनसेवा केंद्र संचालकों ने एसडीएम को सौंपा पत्र
कैराना। जनसेवा केंद्र संचालकों ने तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन करते हुए अपनी मांगों को लेकर एसडीएम को प्रार्थना पत्र दिया।
मंगलवार को तहसील मुख्यालय पर क्षेत्र के जनसेवा केंद्र संचालक एकत्र होकर पहुंचे। जहां उन्होंने प्रदर्शन करते हुए एसडीएम को प्रार्थना पत्र दिया। बताया कि जनसेवा केंद्रों पर पिछले कई वर्षों से नियमानुसार जन्म व मृत्यु सहित अन्य प्रमाण पत्रों का पंजीकरण किया जाता था, लेकिन अब जन्म व मृत्यु प्रमाण पत्रों का पंजीकरण बंद कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि जनसेवा केंद्र उनकी जीविका का साधन बने हुए हैं। जनसेवा केंद्रों पर पंजीकरण बंद होने के कारण उनके सामने रोजी-रोटी का संकट पैदा हो गया है। उन्होंने एसडीएम से पूर्व की भांति जनसेवा केंद्रों पर जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्रों का पंजीकरण सुविधा सुचारू कराए जाने की मांग की है। इस दौरान मुस्तकीम मल्लाह, तसव्वर अली, तालिब खान, अमजद अली, अजमल, हुसैन आदि मौजूद रहे।